सिसवा विकास खंड के हिरना नाला से मुंडेरी सडक निर्माण का सदर विधायक ने रखी आधारशिला,बोले क्षेत्र के विकास को मिलेगी गति

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड सिसवा अंतर्गत मुंडेरी गांव में हिरना नाला पुल से मुंडेरी गांव तक राज्य सड़क योजना अंतर्गत 1 किमी की सड़क जिसकी लागत 80 लाख 19 हजार की बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने पूजन-अर्चन एवं नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने लंबे समय से इस सड़क की मांग की थी, जिसके पूरा होने से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि पूर्व की गैर-भाजपाई सरकारों और वर्तमान भाजपा सरकार की कार्यशैली में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि जहां पहले विकास कार्यों में भेदभाव, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की समस्याएं प्रमुख थीं, वहीं आज केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचा रही है।उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में प्रदेश में कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। अपराध और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है, जिससे आम नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने केवल विकास कार्यों को ही गति नहीं दी है, बल्कि देश और प्रदेश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का विकास कर उन्हें नई पहचान दिलाई गई है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों के लिए आय के नए स्रोत विकसित हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। प्रदेश के गांवों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य भी इसी विकास यात्रा का हिस्सा है। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।
कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, चेयरमैन संतोष जायसवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, राधेश्याम गुप्ता, गुड्डू सिंह, मानसिंह गुप्ता प्रधान कन्हैया प्रसाद, भगवंत पटेल, अवर अभियंता सतीश तिवारी ,संदीप तिवारी, प्रिंस जायसवाल, संजय जायसवाल सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोग मौजूद रहे।




