घुघली में जूता पहनने के विवाद में भाई ने की भाई की हत्या
ऑनलाइन मंगाए जूते को पहले पहनने को लेकर हुआ विवाद, कैंची से वार कर ली जान

घुघली, महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां ऑनलाइन मंगाए गए जूते को पहले पहनने को लेकर हुए झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उपेंद्र शर्मा के दो पुत्र—सूरज शर्मा (16 वर्ष) और लक्ष्मण शर्मा (15 वर्ष)—के बीच जूते को पहले पहनने को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि छोटे भाई लक्ष्मण ने ऑनलाइन जूता मंगाया था, लेकिन बड़ा भाई सूरज पहले पहनने की जिद कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर बड़े भाई सूरज ने छोटे भाई लक्ष्मण पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी नाबालिग सूरज को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।




