पनियरा में युवती के अपहरण का मामला दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी
गोरखपुर निवासी युवक पर आरोप, नेपाल में छिपे होने की सूचना

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव की लगभग 18 वर्षीय युवती को भगाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और युवती की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालजोतिया उर्फ हरनामपुर निवासी एक युवक पर युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूत्रों के माध्यम से जानकारी मिली है कि दोनों सीमावर्ती देश नेपाल में छिपे हो सकते हैं। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही युवती की बरामदगी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




