12सूत्रीय मांगो को लेकर बीएस ए कार्यालय पर गरजे शिक्षक,सौपा मुख्यमंत्री को सम्बोधित मांगपत्र
पुरानी पेंशन व टेट अनिवार्यता समाप्त करने की उठी आवाज

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ प्रदेश कार्य समिति के आह्वान पर बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में संगठन द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी एवं जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र की अगुवाई में आयोजित धरने में शिक्षकों ने अपनी लंबित समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन के उपरांत संगठन ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित 12 सूत्रीय माँगपत्र उपजिलाधिकारी को सौपा।
जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने धरना- प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षकों का अधिकार है और इसे बहाल किया जाना चाहिए। टीईटी की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों में व्याप्त असमंजस और चिंता को दूर करते हुए उन्हें इससे राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति, प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति तथा पदोन्नति में टीईटी से छूट जैसे विषय लंबे समय से लंबित हैं। इन समस्याओं का समाधान नहीं होने से शिक्षकों में निराशा है। संगठन शिक्षकों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने जनपद के शिक्षकों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
संचालन करते हुए जिलामंत्री सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं केवल व्यक्तिगत समस्याएं नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के मनोबल से है। लंबे समय से लंबित स्थानांतरण सूची जारी करने, मृतक आश्रितों को शिक्षक पदों पर नियुक्ति देने तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति जैसी मांगों पर शासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रिज कोर्स परीक्षा से संबंधित राहत, प्रेरित वेतनमान तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं का भी शीघ्र निस्तारण होना चाहिए। शिक्षकों को अनावश्यक विभागीय दबाव से मुक्त कर उन्हें शिक्षण कार्य के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार शिक्षकों की आवाज शासन तक पहुंचा रहा है और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का निर्माणकर्ता है। उसके सम्मान, सेवा सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांगों को अनदेखा करना उचित नहीं है। विशेष रूप से पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी से राहत, पदोन्नति, स्थानांतरण और अवकाश संबंधी विसंगतियों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती शिक्षकों की एकजुटता में निहित है। सभी शिक्षक आपसी मतभेद भुलाकर संगठन के साथ खड़े रहें, ताकि उनकी आवाज प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंच सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश नेतृत्व के संघर्ष और जनपद के शिक्षकों की एकजुटता से मांगों के समाधान का रास्ता अवश्य निकलेगा।
शिक्षकों की 12 सूत्रीय प्रमुख मांगें
शिक्षक संघ की ओर से उठाई गई प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, टीईटी से मुक्ति, एसटीएफ जांच पर रोक, प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति, पदोन्नति में टीईटी से छूट, ब्रिज कोर्स परीक्षा से छूट, लंबित स्थानांतरण सूची जारी करना, प्रेरित वेतनमान, ब्रिज कोर्स, मृतक आश्रितों को शिक्षक पदों पर नियुक्ति, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति, शीतकालीन अवकाश में बदलाव तथा द्वितीय शनिवार एवं उपार्जित अवकाश का लाभ दिए जाने की मांग शामिल रही।
धरने के अंत में शिक्षकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक संघ प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा।
इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष मनौव्वर अली जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक अध्यक्ष गण राघवेंद्र नाथ पांडेय, धनप्रकाश त्रिपाठी, हरीश शाही, वीरेंद्र सिंह ,अरविंद गुप्ता, अलाउद्दीन खान, संजय यादव,विजय प्रताप पांडेय, देवेंद्र मिश्रा, विजय यादव ,मंत्री गण वीरेंद्र मौर्य,मनोज वर्मा,धन्नू चौहान, राजेश यादव, हरिश्चन्द्र चौधरी, अनूप कुमार, जगत सिंह, चंद्र भूषण पटेल,विनोद कुमार, धीरज शाही तहसील प्रभारी दिनेश मणि, डा0 सुधाकर राय,नवीन शुक्ला के अलावा ज्ञांती देवी ,निमिषा सिंह,प्रियंका वर्मा ,शकुंतला अर्चना चौबे,रश्मि मिश्रा,कल्पना पांडे,मंजू वर्मा,मधु पाण्डेय,आरती वर्मा,स्तुति मिश्रा,शशिकला , सिंधु द्विवेदी,राकेश सिंह,दयानंद त्रिपाठी,चंद्रभान ,ऋषि त्रिपाठी ,अमरेंद्र सिंह,आशीष सिंह,जितेंद्र सिंह ,पंकज मौर्य ,वेद त्रिपाठी ,गोपाल पटेल ,रजत शुक्ला,हिसामुद्दीन अंसारी ,मोहमद अयूब अंसारी सहित जनपद के सैकड़ों शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे




