आकाशीय बिजली गिरने से 400 केवीए ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
10 केवीए का भी ट्रांसफार्मर जला

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रविवार को खुटहा क्षेत्र में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से 400 और 10 केवीए के ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे बाजार और रिहायशी क्षेत्र के उपभोक्ताओं की सप्लाई बाधित हो गई है।
जिले में रविवार दोपहर बाद घनघोर बारिश के साथ आकाशीय बिजली कड़कने लगी। इसी बीच चेहरी (रम्हौली) उपकेंद्र के खुटहा क्षेत्र में निराला स्टूडियो के पास स्थापित 400 केवीए और बलुआ भट्ठे के 10 केवीए ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिसके चलते सप्लाई बंद रहने के बावजूद ट्रांसफार्मर से धुंआ निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचित किया। मौके पर पहंचे विद्युत कर्मियों ने ट्रांसफॉर्मर से सप्लाई बहाल करने का प्रयास शुरू किया। परन्तु बारिश के व्यवधान के चलते सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। लिहाज़ा खुटहा बाजार और गांव अंधेरे में डूब गया।
इस सम्बन्ध में अवर अभियंता महेंद्र नाथ ने बताया कि खुटहा 400 केवीए और बलुआ 10 केवीए ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिली थी। जिस पर स्टाफ को मौके पर भेजकर सप्लाई बहाल कराने का प्रयास किया गया, परन्तु इसमें सफलता नहीं मिली। इससे उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। अब सोमवार की सुबह सप्लाई बहाल करा दिया जाएगा।




