मतदाता सूची पुनरीक्षण: हर बूथ पर औसतन 140 नए वोटर जोड़ने का लक्ष्य, पंचायत सूची से होगा मिलान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ आयोजित इस बैठक में उन्होंने 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले अभियान की प्रगति का जायजा लिया और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने प्रत्येक बूथ पर औसतन 140 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए बूथवार रणनीति बनाने को कहा। इसके लिए ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कराया जाएगा, ताकि दोनों सूचियों में अंतर पाए जाने पर छूटे हुए पात्र नागरिकों के फॉर्म-06 भरवाए जा सकें। उन्होंने 18 से 19 वर्ष के नए युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण करने और महिला मतदाताओं के अनुपात में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नामित करने की अपील
मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नामित करने की अपील की, ताकि वे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग कर सकें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 या निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल की मदद ली जा सकती है।
बूथ निरीक्षण और कॉन्टैक्ट सेंटर का लिया जायजा
बैठक से पूर्व मंडलायुक्त ने पनियरा विधानसभा क्षेत्र के छाती राम स्थित बूथ संख्या-307 का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां किसी भी राजनीतिक दल का बीएलए मौजूद न मिलने पर उन्होंने बूथ स्तर पर दलों की सहभागिता बढ़ाने और मतदाताओं की सहायता के लिए पर्याप्त कार्मिक तैनात करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का निरीक्षण कर शिकायत पंजिका देखी और शिकायतकर्ता अमित कुमार यादव को फोन कर वोटर आईडी संबंधी समस्या के निस्तारण का फीडबैक भी लिया।
बैठक में डीआईजी एस. चिनप्पा, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी, एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, छात्र सभा जिलाध्यक्ष कुंवर यज्ञदत्त पासवान, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, आप के प्रदेश प्रवक्ता पशुपति नाथ गुप्त, कांग्रेस जिला महासचिव अफजल अब्बासी, बसपा विधानसभा अध्यक्ष नंदू प्रसाद और जिला संयोजक आफताब सहित अन्य अधिकारी व दल प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




