रागिनी मिश्रा बनीं महराजगंज की नई डीआईओएस, नकलविहीन बोर्ड परीक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर रहेगा जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले की नवनियुक्त जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रागिनी मिश्रा ने शनिवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और विभागीय कामकाज की समीक्षा की।
पत्रकारों और विभागीय कर्मियों से बातचीत में नवनियुक्त डीआईओएस ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना, विद्यालयों में शिक्षकों व कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा लंबित विभागीय पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा, ताकि हर पात्र छात्र-छात्रा को उनका सीधा लाभ मिल सके। छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए विभागीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाएगी।
रागिनी मिश्रा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि जिले की शैक्षिक व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।




