सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज में नए भवन का शिलान्यास, विधायक निधि से होगा निर्माण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर स्थित सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज में विधायक निधि से बनने वाले नए भवन का शनिवार को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने वैदिक मंत्रोच्चार व पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास किया। इस नए भवन के निर्माण से महाविद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा और छात्राओं को अध्ययन के लिए और बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि सोनपति देवी महिला पीजी कॉलेज जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यहां के विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल कर संस्थान के साथ-साथ पूरे महराजगंज जिले का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की मेहनत और संस्थान के अनुशासित शैक्षणिक माहौल को दिया।
महिला शिक्षा पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि एक शिक्षित बेटी परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान देती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए भवन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के जुड़ने से भविष्य में यहां के छात्र-छात्राएं डिजिटल शिक्षा व तकनीक के माध्यम से नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
महाविद्यालय के अध्यक्ष एवं प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट ने इस सौगात के लिए विधायक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सहयोग संस्थान के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डॉ. विपिन यादव, डॉ. नंदिता मिश्रा, डॉ. पीयूष जायसवाल, जीएसवीएस के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह, मृत्युंजय तिवारी, राजीव द्विवेदी, संतोष पटेल, जितेंद्र कुमार पप्पू, जगदीश नारायण शर्मा, सुनील त्रिपाठी, एजाज अहमद, पुर्नवाशी सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।




