बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंच रहा सरकारी योजनाओं का लाभ: सदर विधायक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का आधार जाति या धर्म नहीं, बल्कि पात्रता और जरूरत है। यह बातें सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मंगलवार को भिटौली उत्तरी मंडल के भिटौली एवं बासपार नूतन शक्ति केंद्रों पर आयोजित जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहीं।
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि पिछली सरकारों ने तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के चलते सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाया था। उनके कार्यकाल में योजनाओं का लाभ देने में जातिगत भेदभाव और राजनीतिक प्राथमिकताएं हावी रहती थीं। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित किया है।
जन चौपाल के दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण और निःशुल्क राशन वितरण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र परिवारों को मिल रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री ठाकुर रौनियार, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, बूथ अध्यक्ष अवधेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




