महाराजगंज में 29 नवंबर को निकलेगी यातायात जागरूकता कार रैली

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रोटरी क्लब महाराजगंज के तत्वावधान में यातायात नियमों के पालन के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से 29 नवंबर, दिन रविवार को एक भव्य कार रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली प्रातः 09:00 बजे नगर के मुख्य मार्ग से प्रारंभ होकर प्रमुख चौराहों से होते हुए निर्धारित स्थान पर संपन्न होगी।
रैली का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस, विशेषकर युवाओं को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाने, नशे में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक करना है।
क्लब के अध्यक्ष हमीदुल्लाह खान ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही वृद्धि चिंता का विषय है। अधिकांश दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। इसलिए रोटरी क्लब ने इस जनहितकारी अभियान को शुरू करने का संकल्प लिया है।
रैली में क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे। रैली में शामिल वाहन यातायात नियमों का पालन करते हुए चलेंगे और जगह-जगह लोगों को जागरूकता पर्चे वितरित किए जाएंगे।




