घुघली के रामपुर बलडीहा टोला बेलवा में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

घुघली,महराजगंज।(न्यूज पैच)। घुघली विकास खण्ड के ग्राम पंचायत रामपुर बलडीहा के टोला बेलवा में शनिवार को जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले नाली निर्माण के लिए सड़क को तोड़ दिया गया था, लेकिन उसके बाद से आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उनका आरोप है कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है, जिससे पैदल चलना और वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे बृहद स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के दौरान अशोक यादव, इरशाद, छेदी, ब्रह्मानंद यादव, रुदल यादव, रामकिशुन, वाजिद खुडबुड़ सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि यदि सड़क लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत आती है तो संबंधित विभाग को पत्र भेजा जाएगा। वहीं यदि सड़क ग्राम पंचायत के अधीन है तो शीघ्र ही मौके का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा।




