ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू, 1 जुलाई तक राजनीतिक दलों से मांगे गए सुझाव

1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का होगा सम्भाजन, 4 जुलाई को जारी होगी नई प्रारूप मतदेय स्थल सूची

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि जिन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, उनका नियमानुसार विभाजन किया जाएगा। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारियों को प्रस्तावित मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी बूथ के संबंध में कोई सुझाव या आपत्ति हो तो उसे 1 जुलाई 2026 की शाम तक जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध करा दें। प्राप्त सुझावों का संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि मतदेय स्थलों के पुनर्गठन के बाद 4 जुलाई 2026 को नई प्रारूप मतदेय स्थल सूची का प्रकाशन किया जाएगा और उसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके बाद प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार-विमर्श के लिए 18 जुलाई 2026 को पुनः बैठक आयोजित होगी, जिसके बाद अंतिम सूची तैयार कर निर्वाचन आयोग को अनुमोदन के लिए भेजी जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी भी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च अथवा अन्य धार्मिक स्थल को मतदान केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इसी प्रकार पुलिस थाना, अस्पताल या औषधालय भी मतदेय स्थल के रूप में चिन्हित नहीं किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों की दूरी सामान्यतः दो किलोमीटर से अधिक न हो।

बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सहमति जताते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार सहित कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!