फरेंदा-सोनौली हाईवे पर स्पीड राडार गन से पकड़े गए 28 वाहन
ओवर स्पीड पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, 56 हजार का जुर्माना

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए शनिवार को थाना फरेंदा क्षेत्र में यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। फरेंदा-सोनौली अंतर्राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-24 पर इंटरसेप्टर वाहन में लगी स्पीड राडार गन से तेज गति से चलने वाले वाहनों की माप की गई।
नियम विरुद्ध पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 28 वाहनों को ओवर स्पीड में पकड़ा गया। सभी वाहन चालकों का मौके पर ही चालान किया गया। ओवर स्पीडिंग के आरोप में कुल 56,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात प्रभारी अरूणेंद्र सिंह का कहना है कि फरेंदा-सोनौली हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। इसी को देखते हुए स्पीड राडार गन से लगातार निगरानी की जा रही है।
वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें। तेज रफ्तार न केवल उनके लिए बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी खतरनाक है। नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे।




