ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

डीएम और एसपी ने किया पीईटी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट से परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से लेकर ओएमआर शीट एवं अन्य प्रपत्रों को भेजने तक उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा केंद्र के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए।

जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया और मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। बारिश के कारण प्राकृतिक रोशनी कम होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि पर नजर रखी जाए। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए।

राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों की मौजूदगी पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस प्रभारी को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के आसपास अनावश्यक लोगों को एकत्रित न होने दिया जाए।

चार परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, आनंदनगर तथा सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित होती पाई गई।

3404 परीक्षार्थी रहे उपस्थित, 1468 अनुपस्थित

पीईटी-2026 की दोनों पालियों में कुल 3404 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1468 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी फरेंदा, तहसीलदार फरेंदा, नायब तहसीलदार फरेंदा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!