दहेज हत्या मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, घुघली पुलिस को मिली बड़ी सफलता

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घुघली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई।
थाना घुघली पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में दर्ज दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष घुघली के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक थाना घुघली पर दिनांक 05 जनवरी 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 03/2026 धारा 80(2), 85, 352 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अभियुक्त की तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंगद सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी हरखीटोला खपरधिक्का थाना घुघली जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। अभियुक्त की उम्र लगभग 27 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक कुमार मिश्रा, कांस्टेबल कृष्ण प्रताप सिंह एवं कांस्टेबल विजय शंकर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध एवं दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




