मतदाता सूची में युवाओं और महिलाओं का नाम शत-प्रतिशत जोड़ने पर जोर
डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस के निरीक्षण में दो सुरक्षा गार्ड मिले अनुपस्थित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 और मतदाता पंजीकरण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विधानसभा क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
डीएम ने राजनीतिक दलों से अपील की कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिला मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने में सक्रिय सहयोग करें। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर बीएलओ के साथ समन्वय बनाने को कहा। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा संशोधन और स्थानांतरण के लिए फार्म-8 जमा कराने की अपील की।
उन्होंने पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा और पंचायत राज विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को छूटे हुए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। राशन दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
बैठक के बाद डीएम ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों, लॉगबुक और सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान तैनात पांच सुरक्षा गार्डों में से दो अनुपस्थित मिले। डीएम ने दोनों से स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वेयरहाउस की नियमित साफ-सफाई कराने और सीसीटीवी कैमरों के खुले तारों को सुरक्षित बॉक्स में रखने का निर्देश भी दिया। बैठक और निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




