ईवीएम की एफएलसी में 80.31 प्रतिशत बीयू-सीयू की जांच पूरी, डीएम ने किया निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए जांच प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी कार्य की प्रगति की जानकारी ली। डिप्टी कलेक्टर विजय यादव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जांच कार्य कराया जा रहा है। अब तक 80.31 प्रतिशत बीयू (बैलेट यूनिट) एवं सीयू (कंट्रोल यूनिट) की एफएलसी ओके हो चुकी है, जबकि वीवीपैट की 76.13 प्रतिशत जांच पूरी हो चुकी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एफएलसी प्रक्रिया के दौरान जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति यथासंभव सुनिश्चित की जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने एफएलसी हॉल में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने तथा बिना पहचान पत्र किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा।
सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने सीसीटीवी के माध्यम से एफएलसी कार्यों की निगरानी व्यवस्था देखी और संबंधित रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने गार्ड रूम का निरीक्षण कर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्कता के साथ निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विजय यादव, प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




