दशहरा पर्व पर 1712स्थानो पर दुर्गा प्रतिमा होगी स्थापित,जनपद पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस द विगत एक माह से लगातार विभिन्न अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। शस्त्र लाइसेंस सत्यापन, मेडिकल स्टोरों की चेकिंग, अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ एवं यातायात संबंधी मामलों में निरंतर चेकिंग और निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

जनपद में लगभग 1,712 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जानी हैं, जिनमें से लगभग 900 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 30 से अधिक स्थानों पर* रावण दहन एवं प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों के दृष्टिगत विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी, ड्रोन के माध्यम से चेकिंग एवं आवश्यकतानुसार नाकाबंदी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे अफवाह, भ्रामक खबर अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

डीजे संचालन के संबंध में संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित ध्वनि सीमा, डीजे की संख्या एवं ऊंचाई से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।पूर्व में शिकायतें प्राप्त होने पर संबंधित डीजे संचालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की गई है।




