राहुल सिंह की संदिग्ध मौत की सीबीआई जांच की मांग, कांग्रेस ने परिजनों से मिलकर न्याय का दिलाया भरोसा
एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिजन को सरकारी नौकरी देने की उठाई मांग

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सिसवा बाजार क्षेत्र के असमन छपरा निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सिसवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं किसान नेता राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि राहुल सिंह की संदिग्ध मृत्यु से पूरा जनपद और पूर्वांचल स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए इसकी सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की अंतरिम आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा मृतक के बड़े भाई को सी ग्रेड की सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल मिल सके।
राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी न्याय की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए।
प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर स्तर पर साथ देने का आश्वासन दिया और कहा कि कांग्रेस पार्टी न्याय मिलने तक परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में सिसवा ब्लॉक अध्यक्ष सोनू कनौजिया, अखिलेश चौधरी, जावेद अंसारी और राजेश गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




