जिला जज व जिलाधिकारी ने किया जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुन दिए आवश्यक निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिला न्यायाधीश अरविंद मालिक और जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को जिला कारागार महराजगंज का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश ने पुरुष बैरक, महिला बैरक, रसोईघर, जेल परिसर तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में निरुद्ध बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिला न्यायाधीश ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बंदियों को जेल मैन्युअल के अनुरूप निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि जरूरतमंद बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से समयबद्ध विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि आर्थिक या अन्य कारणों से कोई भी बंदी न्याय पाने से वंचित न रहे। साथ ही बीमार बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उन्हें समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश ने महिला बंदियों एवं उनके साथ रह रहे बच्चों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला बंदियों के लिए समय-समय पर रचनात्मक गतिविधियों, शिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिससे उनके मानसिक एवं सामाजिक विकास में सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला न्यायाधीश द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला कारागार में सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप संचालित हों और बंदियों की मूलभूत सुविधाओं तथा सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मुकेश यादव, जेल अधीक्षक बी.के. गौतम सहित न्यायिक, पुलिस एवं कारागार विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।




