लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन में शामिल होंगे केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय

महराजगंज।(न्यूज पैच)। खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा जनपद में 16 जुलाई 2026 को लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:00 बजे जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महराजगंज में आयोजित होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय मुख्य रूप से शामिल होंगे। यह जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जारी सूचना में दी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने जिला सूचना अधिकारी को भेजे पत्र में जनपद के मीडिया एवं पत्रकार बंधुओं को कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। सम्मेलन का उद्देश्य विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करना है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी विस्तृत भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार खाद्य एवं रसद मंत्री 15 जुलाई की रात लगभग 9:30 बजे महराजगंज पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 16 जुलाई को सुबह 11:15 बजे वे जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज पहुंचकर लाभार्थी एवं जनसंवाद सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर में उनका लखनऊ के लिए प्रस्थान प्रस्तावित है।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, नगर निकाय, पुलिस, जनसंपर्क तथा अन्य विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।




