डीजल के लिए हाहाकार, पिकअप पर शव लेकर घंटों इंतजार
दूसरी गाड़ी से डीजल निकालकर पिकअप में भरा गया, पंप पर काफी देर बाद भी नहीं मिल सका डीजल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले में पेट्रोल डीजल की उपलब्धता के दावे और हकीकत में जमीन आसमान का अंतर है। डीजल के लिए हाहाकार मचा है। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रहे पिकअप में डीजल भरवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन डीजल नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने दूसरी गाड़ी से डीजल निकालकर पिकअप में भरा तो शव लेकर पिकअप रवाना हुआ। पेट्रोल पंप में शव लेकर खड़े पिकअप का वीडियो भी शोसल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। दूसरी ओर से दावा किया जा रहा है की उसी पंप में रात में तेल दिया जा रहा है।
निचलौल थाना क्षेत्र के सिधावे पेट्रोल पंप पर पिकअप शव लेकर पहुंचा। पिछे एक ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। उसमें भी डीजल भरवाना था। सिधावे गांव के रामेश्वर के छोटे सर्वेश गुप्ता की मौत हो गई थी। घर के लोग शव लेकर अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। पिकअप में तेल समाप्त होने पर गांव के बाहर पेट्रोल पंप में गाड़ी लेकर जाने के बाद घंटो इंतजार करना पड़ा। पंप के कर्मियों ने कहा की तेल अभी थोड़ी देर में मिलेगा। मृतक के परिजन इंतजार करते रहे। उनको कुछ सुझ नहीं रहा था। लोग कर्मियों ने अनुरोध किए की तेल जल्दी दिया जाय, लेकिन किसी ने उनकी बातों को नहीं सुनी। अंतिम संस्कार करने में देरी होता देखकर लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था बनाई। दूसरी गाड़ी से डीजल निकालकर पिकअप में भरा गया। इसमें बाद शव लेकर वाहन रवाना हुआ। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने बनाकर शोसल मीडिया में वायरल कर दिया है। रामेश्वर कहते हैं कि इन दिनों समस्या काफी बढ़ गई है। डीजल पेट्रोल के लिए सभी को परेशान हो रही है। पंप पर इतनी भीड़ जुट जा रही है की घंटों इंतजार करने के बाद तेल नहीं मिल रहा है। पंप पर तेल आते ही कुछ ही देर में समाप्त हो रहा है। भाई का शव लेकर जाने के दौरान डीजल समाप्त होने के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों ने तेल देना मुनासिब नहीं समझा। दूसरी ओर लोगों का कहना है कि दावा किया जा रहा है की सब कुछ ठीक है, लेकिन हकीकत में पंप से लेकर गैस एजेंसी तक लोगाें को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। परेशानी बढ़ रही है, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
आधी रात को पेट्रोल पंप से वितरित हो रहा था तेल
सिधावे पेट्रोल पंप पर एक ओर तेल नहीं मिला। दूसरी ओर आधी रात का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को पंप से तेल दिया जा रहा है। कर्मी लोगों से बात कर रहे हैं की जरूरत होने पर आ जाया करिए, यहां तेल मिल जाएगा। दिन में परेशानी होती है। वायरल वीडियो के माध्यम से दावा किया जा रहा है की अधिक मूल्य लेकर रात में तेल दिया जाता है।
दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी
महराजगंज। जनपद में घरेलू गैस की सुचारु आपूर्ति, गैस की कालाबाजारी व अवैध भंडारण पर नकेल कसने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कन्ट्रोल रूम की स्थापना की। कंट्रोल रूम का मोन-8423675896 है, जिसपर आमजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि जनपद में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति अवैध भंडारण या कालाबजारी में लिप्त पाया जाता है, तो आमजन उसकी शिकायत उपरोक्त नंबरों पर करें, दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। जनपद में पेट्रोल व डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता है। डीजल, पेट्रोल और एलपीजी सिलिंडर का वितरण सुचारू रूप से जारी है और अबतक कोई समस्या नहीं है।




