मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना: ई-लॉटरी से 28 लाभार्थियों का चयन
78 पात्र आवेदकों में से 14 महिला और 14 पुरुष लाभार्थी चुने गए, सीडीओ ने समयबद्ध लाभ वितरण के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र पाए गए 78 आवेदकों के बीच सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लॉटरी के माध्यम से कुल 28 लाभार्थियों का चयन किया गया, जिनमें 14 महिला एवं 14 पुरुष शामिल हैं।
ई-लॉटरी की पूरी प्रक्रिया पात्र आवेदकों की उपस्थिति में संपन्न कराई गई, जिससे चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री गौ संवर्द्धन योजना का उद्देश्य गौ-आधारित आजीविका को बढ़ावा देना, पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चयनित लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ई-लॉटरी कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी तथा दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने चयन प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए इसे निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया।




