ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला युवक का शव
मचा हड़कंप जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

महराजगंज।(न्यूज पैच )। स्थानीय कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार चौकी अंतर्गत ग्राम सभा बसन्तपुर राजा में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ससुराल आये एक युवक का शव घर के बरामदे में गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। साथ ही जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार चौकी अंतर्गत ग्राम सभा बसन्तपुर राजा निवासी हीरा पुत्र सितई की पुत्री बबिता का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व जनपद लखनऊ के थाना रहिमाबाद क्षेत्र के ग्राम शिवपुरी निवासी दिनेश पुत्र केकड़ैल के साथ हुआ था। जिनका एक 8 वर्षीय पुत्र भी है। लोगो की माने तो बबिता पिछले लगभग दो माह से अपने मायके में रह रही थी। बिगत 9 जून को बबिता के चाचा के लड़के का शादी थी। उक्त शादी में उसका पति दिनेश भी शामिल होने के लिए ससुराल आया हुआ था। सोमवार की सुबह घर के सभी परिजन खेत में धान की बेहन काटने के लिए चले गए। और घर खाली पड़ गया। परिजनों के अनुसार सबसे पहले घर में उपस्थित बच्चों ने दिनेश को फंदे से लटकता देखा, और शोर मचाकर खेत में काम कर रहे परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो दिनेश का शव बरामदे में गमछे के सहारे लटका हुआ मिला।
घटना की जानकारी गांव के चौकीदार ने बागापार पुलिस चौकी को दी । सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक का पैर जमीन को छूता हुआ पाया गया, जबकि कमर पर कुछ चोट के निशान भी देखे गए जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न बिंदुओं पर जांच पड़ताल की
इस संबंध में बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि घटना के सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।




