श्रावण के दूसरे सोमवार पर इटहिया मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, डीएम-एसपी ने दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन-जलाभिषेक सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी महराजगंज श्री गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी धाम शिव मंदिर इटहिया का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
CCTV और ड्रोन से निगरानी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और मंदिर परिसर एवं प्रमुख स्थानों पर कैमरों के जरिए की जा रही निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
कांवड़ यात्रा से जुड़े प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि भीड़ और यातायात व्यवस्था पर प्रभावी नजर रखी जा सके तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पर्याप्त पुलिस बल तैनात
श्रावण मास को देखते हुए मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से दर्शन-पूजन और जलाभिषेक कराने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।




