भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में महराजगंज से पांच नेताओं को मिली जगह
पंकज चौधरी की संस्तुति पर हुआ मनोनयन, जिले में कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश प्रदेश कार्यसमिति-2026 की सूची जारी कर दी। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की संस्तुति पर महराजगंज जिले से पांच नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य नामित किया गया है। प्रदेश स्तर पर जिले के पांच नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी है।
प्रदेश कार्यसमिति में धीरेन्द्र सिंह धीरू, वेद प्रकाश शुक्ला, समीर त्रिपाठी, अरुण शुक्ला और जनार्दन गुप्ता को सदस्य बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष की संस्तुति पर जिले के नेताओं को प्रदेश संगठन में स्थान मिलने को स्थानीय भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा की ओर से जारी प्रदेश कार्यसमिति की सूची में कुल 548 कार्यसमिति सदस्य, 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 134 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित है। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठनात्मक विषयों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी।
पांचो नेताओं के मनोनयन पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, बबलू यादव, अमरनाथ पटेल, संतोष सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव और प्रभाकर द्विवेदी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में जिले को प्रतिनिधित्व मिलने से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।




