जुलूस के दौरान हुई मारपीट और चक्का जाम के मामले में कोल्हुई थानाध्यक्ष निलंबित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई मारपीट और फिर सड़क पर चक्का जाम के मामले में पुलिस महकमे में बड़ा एक्शन हुआ है। घटना के बाद लोगों के आक्रोश और पुलिस से जुड़ी शिकायतों के बीच पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कोल्हुई के थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। शुक्रवार देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद थाने की कमान अभय नारायण सिंह को सौंप दी गई है। इस घटनाक्रम ने इलाके में पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के पिपरा-परसौनी में बुधवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्गा प्रतिमा से लदी ट्रॉली सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे आवागमन बाधित हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा। सड़क जाम की सूचना मिलने पर सीओ फरेंदा, सीओ निचलौल, एसडीएम फरेंदा और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति को संभालते हुए दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन कराया गया। हालांकि, इस घटना के बाद मामला पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया और पूरे घटनाक्रम की जांच कराई गई। कोल्हुई थाने से संबंधित कई शिकायतें भी पुलिस अधीक्षक तक पहुंची थीं। वहीं, पिपरा-परसौनी में विसर्जन जुलूस के दौरान हुई मारपीट के मामले की जांच सीओ निचलौल को सौंपी गई थी। जांच और सामने आई शिकायतों के बाद एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को निलंबित करने का फैसला लिया। बतादे कि आलोक कुमार सिंह 15 सितंबर से 23 अक्टूबर तक कोल्हुई थाने के थानाध्यक्ष रहे। उनके निलंबन के बाद अभय नारायण सिंह को नया थानेदार बनाया गया है। अभय नारायण सिंह इससे पहले परसामलिक थाने के थानाध्यक्ष रह चुके हैं और पुरंदरपुर थाने में तैनात थे। अब उन्हें कोल्हुई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।




