पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम और अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से लेकर ओएमआर शीट एवं अन्य प्रपत्रों को भेजने तक उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने केंद्रों पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को भी आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि पर नजर रखी जाए। कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों और अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था को देखा। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जीएसवीएस इंटर कॉलेज तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित होती मिली।
दोनों पालियों में इतने परीक्षार्थी रहे उपस्थित
जनपद में आयोजित पीईटी-2026 की प्रथम पाली में 3,510 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,362 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली में 3,518 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,354 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निगरानी की गई।




