श्रावण मास को लेकर पुलिस अलर्ट, कांवड़ रूट, मंदिरों और जलाभिषेक स्थलों पर पुख्ता बंदोबस्त
इटहिया मंदिर में बनेगा कंट्रोल रूम, ड्रोन और सोशल मीडिया से होगी निगरानी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पवित्र श्रावण माह शुरू होने वाला है। इसे लेकर महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। कांवड़ियों की सुविधा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कांवड़ रूट और मंदिरों पर विशेष नजरपुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जहां-जहां जल भरा जाएगा, जलाभिषेक के प्रमुख स्थान, मंदिर और जिन मार्गों से कांवड़ियों के जुलूस निकलेंगे, उन सभी जगहों पर व्यापक पुलिस बंदोबस्त किया गया है।
कांवड़ियों के रूट की लगातार निगरानी की जा रही है और उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन की योजना भी तैयार कर ली गई है। जल्द ही इसे मीडिया के माध्यम से आम जनता के साथ साझा किया जाएगा, ताकि लोग वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग कर सकें।
जनपद का सबसे बड़ा आयोजन इटहिया मंदिर में होता है। यहां भारी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और मेले के लिए आते हैं। एसपी ने बताया कि इटहिया मंदिर के लिए एक मेला प्रभारी नियुक्त किया गया है। साथ ही मंदिर परिसर में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। इससे जलाभिषेक के समय और मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखा जा सकेगा। अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की मीडिया सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रखेगी।
एसपी ने कहा कि मेट्रिक्स पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि कोई गलत सूचना या अफवाह न फैलाई जा सके। महराजगंज नेपाल सीमा से सटा हुआ है। इसे देखते हुए बॉर्डर इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहां नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। निर्धारित रूट का ही प्रयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि श्रावण माह का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हो। इसके लिए सभी थानों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। अतिरिक्त फोर्स की तैनाती भी की जाएगी।पुलिस का दावा है कि इस बार के इंतजाम पिछले वर्षों की तुलना में और बेहतर होंगे, जिससे कांवड़ियों और स्थानीय लोगों दोनों को सहूलियत मिलेगी।




