263 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगा रिफ्लेक्टर, दुर्घटना का खतरा कम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास जारी है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों के विरुद्ध एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 263 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाए गए।
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा संघन चेकिंग करते हुए कुल 499 ट्रैक्टर/ट्रॉली को रोककर जांच की गई। पुलिस टीमों द्वारा 236 वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर लगाने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित व जागरूक किया गया। चालकों को समझाया गया कि कृषि व व्यावसायिक कार्यों में प्रयुक्त होने वाले इन वाहनों पर रिफ्लेक्टर लाइट न होना दुर्घटनाओं का एक मुख्य कारण बनता है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा महराजगंज पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जनपद में इस तरह के चेकिंग एवं जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर अवश्य लगाएं और यातायात नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं।




