बृजमनगंज में अवैध कच्ची शराब बनाते तीन महिलाएं गिरफ्तार
संयुक्त कार्रवाई में 12 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने का सामान बरामद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बृजमनगंज पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विशुनपुर अदरौना गांव में दबिश देकर तीन महिलाओं को कथित रूप से अवैध कच्ची शराब बनाते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने विशुनपुर अदरौना गांव में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से तीन महिलाओं को पकड़ा गया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शारदा पटेल पत्नी रामभोल, बिंदु पटेल और सरिता उर्फ रीना पटेल, सभी निवासी ग्राम विशुनपुर अदरौना, थाना बृजमनगंज, महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके कब्जे से 12 लीटर कथित अवैध कच्ची शराब बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, जिसमें ड्रम, भट्ठी और महुआ लाहन शामिल हैं, भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




