रातभर गुल रही बिजली, पंखा-कूलर बंद, लोग रतजगा करने को मजबूर हुए
गांधी नगर, राजीव नगर, छत्रपतिसाहु जी महाराज नगर समेत कई मोहल्ले अंधेरे में डूबे

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रविवार की रात शहरवासियों के लिए बेहद कष्टदायी रही। भीषण उमस और गर्मी के बीच रात करीब आठ बजे से बिजली गुल हो गई, जो सोमवार सुबह तक नहीं आ सकी। नतीजतन गांधी नगर, राजीव नगर, छत्रपतिसाहु जी महाराज नगर समेत शहर के दर्जनों मोहल्लों के लोग पूरी रात जागकर काटने को मजबूर रहे। पंखे-कूलर बंद, घरों में उमसबिजली जाने के साथ ही घरों में लगे पंखे, कूलर और इन्वर्टर भी जवाब दे गए। उमस भरी गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग रातभर बेचैन रहे। कई घरों में पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई, क्योंकि मोहल्लों में लगे सबमर्सिबल पंप भी बिजली से ही चलते हैं।
गांधी नगर निवासी रामप्रकाश गुप्ता ने बताया, “रात 8 बजे लाइट गई तो सोचा एक-दो घंटे में आ जाएगी। लेकिन 12 बजे तक भी नहीं आई तो छत पर चारपाई डालकर लेट गए। गर्मी और मच्छरों के कारण नींद ही नहीं आई।” राजीव नगर की गृहणी सुनीता देवी ने कहा कि छोटे बच्चों को गर्मी के कारण बार-बार उठना पड़ा। “इन्वर्टर की बैटरी भी 2 घंटे में खत्म हो गई। पूरा घर पसीने से तर-बतर रहा। रात में चलने वाली दवा की दुकानें, जनरल स्टोर और ढाबों को जनरेटर चलाकर काम करना पड़ा। इससे डीजल का खर्च बढ़ गया। कई दुकानदारों का कहना था कि अगर यही स्थिति रही तो कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा।
लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में 6-8 घंटे की कटौती तो रोज हो रही है, लेकिन रविवार की रात 11 घंटे से अधिक समय तक बिजली न आना हद है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। कई उपभोक्ताओं ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करने पर बताया गया कि 132 केवी सबस्टेशन से निकलने वाली 33 केवी लाइन में रविवार रात तकनीकी फाल्ट आ गया था। फाल्ट ठीक करने में देर होने के कारण आपूर्ति बाधित रही। अधिकारियों ने दावा किया कि सुबह 9 बजे के आसपास मरम्मत कार्य पूरा कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
शहरवासियों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है। अगर जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।




