मिशन शक्ति टीम ने राह भटकी नाबालिग लड़की को सकुशल परिजनों से मिलाया

सिन्दुरिया, महराजगंज (न्यूज पैच)। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलम्बन हेतु चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सोमवार को थाना सिन्दुरिया पुलिस टीम ने एक राह भटकी हुई 15 वर्षीया नाबालिग लड़की को रेस्क्यू कर सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द किया।
इस दौरान सिन्दुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि दिनांक 25 मई 2026 सुबह लगभग 07.30 बजे थाना सिन्दुरिया क्षेत्र के अंतर्गत सिन्दुरिया चौराहे के बगल में हरिहरपुर नहर पुलिया के पास एक नाबालिग लड़की को अकेले घूमते हुए देखा गया। क्षेत्र में गश्त कर रही मिशन शक्ति / एंटी रोमियो टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर जाकर उक्त लड़की से अत्यंत संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की। पूछताछ के दौरान लड़की ने बताया कि, वह मूल रूप से ग्राम सिसवा बाजार, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज की रहने वाली है।
सुरक्षा के दृष्टिगत मिशन शक्ति टीम द्वारा बालिका को आदरपूर्वक थाना सिन्दुरिया लाया गया, जहाँ महिला पुलिस कर्मियों द्वारा उसकी उचित काउंसलिंग की गई। थाना स्तर पर की गई त्वरित कार्रवाई के तहत बालिका के परिजनों का सटीक पता लगाया गया और दूरभाष के माध्यम से उनसे तत्काल संपर्क स्थापित किया गया।थाने पर उपस्थित परिजनों द्वारा अपनी पुत्री की पहचान सुनिश्चित किए जाने के बाद थाना सिन्दुरिया पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए नाबालिग लड़की को उसके माता-पिता को सकुशल सौंप दिया।
अपनी खोई हुई बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया।
प्रमोद मौर्य




