गांवों में जी राम जी का हुआ शुभारंभ, मिला काम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकसित भारत जी राम जी योजना का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। पहले 227 गांवों में कुल 3636 मजदूरों को काम दिया गया। सदर ब्लाक के ग्राम बांसपार बैजौली में गणेश पटेल के जमीन से मालती के खेत तक मिट्टी कार्य कराया गया।
यहां आठ मजदूरों को काम दिया गया। सीडीओ महेन्द्र कुमार सिंह ने पीडी रामदरश चौधरी के साथ कार्य का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिया। सीडीओ ने कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण करने की है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी अविनाश श्रीवास्तव, प्रधान प्रशासक विजय पटेल, रोजगार सेवक चिन्नू, पंचायत सहायक, सखी समूह की महिलाएं आदि मौजूद रहे। सभी ने योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र लोगों को इसका लाभ दिलाने का संकल्प लिया।




