सदर ब्लॉक के बांसपार बैजौली से ‘जी राम जी योजना’ का शुभारंभ, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
मुख्य विकास अधिकारी ने किया योजना का शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने निभाई सक्रिय भूमिका

महराजगंज।(न्यूज पैच)। ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने की दिशा में बुधवार को सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत बांसपार बैजौली से ‘जी राम जी योजना’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए ग्राम पंचायतों को विकास का केंद्र बनाकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ योजना को लागू करने का आह्वान किया।
इस दौरान परियोजना निदेशक (पीडी), ग्राम विकास अधिकारी अविनाश श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान विजय पटेल, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूह (समूह सखी) की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजना के उद्देश्यों एवं उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी योजना के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने योजना के शुभारंभ का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे गांव के विकास कार्यों में तेजी आएगी और स्थानीय लोगों को अधिक रोजगार एवं विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे। प्रशासन ने भी विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता के माध्यम से योजना को सफल बनाते हुए ग्रामीण विकास को नई दिशा दी जाएगी।




