पुलिस लाइन में श्रद्धा और हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
डीएम और एसपी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की आरती

महराजगंज।(न्यूज पैच)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी स्थापित की गई।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विधि-विधानपूर्वक भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती की। दोनों अधिकारियों ने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और आरती हुई। मध्यरात्रि में ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक जन्मोत्सव में सहभागिता की।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। पुलिस परिवार के बच्चों एवं परिजनों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
जनपद के विभिन्न थाना परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाकर पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।




