पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के 6 चरण सकुशल संपन्न,परीक्षा के अंतिम दिन 8933 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल एसपी शक्ति मोहन अवस्थी व प्रशासन द्वारा रखी गयी पैनी नजर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के अंतिम दिन जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। जनपद में प्रति पाली 5760 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी।
प्रथम पाली में 4445 तथा द्वितीय पाली में 4488 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 8933 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि शेष 2587 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। बुधवार को परीक्षा के तीसरे दिन सभी 13 केंद्रों पर 11,520 अभ्यर्थियों हेतु आयोजित परीक्षा पूर्ण शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ सकुशल संपन्न हुई।परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिले में व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया था। मानक के अनुसार 1 पुलिस उपाधीक्षक, 23 निरीक्षक/थाना प्रभारी, 30 उपनिरीक्षक, 109 हेड कांस्टेबल ,202 कांस्टेबल तथा 104 महिला आरक्षियों,13 एलआईयू सहित कुल 482 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था व यातायात व्यवस्था के लिए 3 पुलिस उपाधीक्षक, 6 निरीक्षक, 13 उपनिरीक्षक, 33 पुलिसकर्मी तथा 17 ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई। इस प्रकार परीक्षा ड्यूटी में कुल 554 पुलिसकर्मी लगाए गए।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच और फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई थी। सीसीटीवी निगरानी के साथ प्रत्येक केंद्र पर केंद्र प्रभारी पुलिस अधिकारी तैनात रहे। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त निगरानी में परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखा गया।
परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सतर्क रहे।




