महराजगंज में 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद
लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते डीएम ने जारी किया आदेश, सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के प्रतिकूल मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने 26 सितंबर 2026 को जनपद के सभी संबंधित विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार कक्षा 12 तक संचालित परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं सीबीएसई-आईसीएसई सहित अन्य बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 26 सितंबर को अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान और जिले में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। संबंधित विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम पूर्वानुमान में भी महराजगंज क्षेत्र में 26 सितंबर को बारिश की संभावना जताई गई है।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा संबंधित विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।




