संपूर्ण समाधान दिवस में 67 शिकायतों की सुनवाई, 13 का मौके पर निस्तारण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नौतनवा तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनशिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 13 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। तहसील दिवस और आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण अधिकारी अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित करें और उनकी नियमित निगरानी करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों में पुलिस की सहायता आवश्यक है, उनमें पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया जाए।
इसके अलावा दीपावली के मद्देनजर लक्ष्मी पूजा पंडालों, विसर्जन स्थलों और छठ घाटों पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम कुणाल कुमार, सीएमओ डॉ. सुरेंद्र, तहसीलदार करण सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




