भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन मजबूत करने पर जोर, जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
पूर्व राष्ट्रीय मंत्री विनोद पांडेय बोले- मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन और लोकतंत्र की आधारशिला, सदर विधायक ने बूथ अध्यक्षों का किया सम्मान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को नगर स्थित बालाजी लॉन में सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बूथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति तय करने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य विनोद पांडेय ने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर तक फैला संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण प्रतिनिधि है, जो सरकार की नीतियों, योजनाओं और संगठन की विचारधारा को सीधे जनता तक पहुंचाने का कार्य करता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथों को अधिक सक्रिय बनाने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की उपलब्धियां पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित कर भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया है। पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता ही भाजपा की निरंतर सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाए। सम्मेलन के दौरान विधायक ने सभी बूथ अध्यक्षों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन भी किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पार्टी की मजबूती बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और सरकार की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां बूथ से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी का समान महत्व है। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने की भी उन्होंने अपील की।
सम्मेलन में सदस्यता विस्तार अभियान, बूथ सशक्तीकरण, मतदाता संपर्क अभियान तथा संगठनात्मक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष सहयोगी ओम प्रकाश पटेल ने किया।
इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी के प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, रामहरख गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष जायसवाल, अजय मधेशिया, पूर्व चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य अभय बहादुर सिंह, कार्यक्रम संयोजक राजीव द्विवेदी, बूथ सम्मेलन संयोजक एवं जिला मीडिया प्रभारी संजय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला मंत्री दिनेश जायसवाल, बैजनाथ पटेल, ठाकुर रौनियर, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, टाइगर तिवारी, अशोक पटेल, विजय गौड़, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, डॉ. सूरज सिंह, पूर्व जिला मंत्री आशुतोष शुक्ला, पूर्व मीडिया प्रभारी डॉ. शांति शरण मिश्रा, महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, मानवेंद्र सिंह, राकेश अग्रहरी, गोविंद जायसवाल, नंदलाल आंबेडकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




