भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, 40.47 ग्राम स्मैक के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार
सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। थाना सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक नेपाली युवक को 40.47 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम फरेंदी तिवारी टोला तिलहवा के पास संयुक्त टीम ने नेपाल के रूपनदेही जिले के वार्ड संख्या-2, झंडी बाजार, नेवढ़िया चौक निवासी रनवीर गुरुंग (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40.47 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
इस संबंध में थाना सोनौली में मु.अ.सं. 71/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना सोनौली पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक उमाकांत सरोज, आरक्षी वासुदेव यादव और आरक्षी अनूप कुमार शामिल रहे। वहीं एसएसबी 22वीं वाहिनी की ओर से सहायक सेनानायक आदित्य जायसवाल, निरीक्षक (सामान्य) प्रदीप कुमार, मुख्य आरक्षी (सामान्य) सर्वेश कुमार, आरक्षी (सामान्य) कान्हा राम घसाल तथा आरक्षी (सामान्य) राजेश्वर बसुमतरी ने संयुक्त अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




