बच्चों की गुहार पर डीएम ने लिया संज्ञान, आनंदनगर में जलभराव दूर कराने पहुंची नगर पंचायत की टीम
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था सड़क पर भरे पानी में खड़े बच्चों का वीडियो, स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण की भी तैयारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आनंदनगर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11 में फरेंदा उत्तरी बाईपास के पास सड़क पर जलभराव की समस्या का तत्काल संज्ञान लिया। सड़क पर जमा पानी से परेशान बच्चों की अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और जलनिकासी के लिए कार्य कराया।
दरअसल, फरेंदा उत्तरी बाईपास के पास सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस समस्या को लेकर तीन बच्चों ने सड़क पर भरे पानी के बीच खड़े होकर वीडियो बनाया और समस्या के समाधान की अपील की। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत आनंदनगर को तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम के निर्देश पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कर्मचारियों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जलनिकासी की व्यवस्था करते हुए जलभराव दूर कराने के लिए कार्य कराया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र निचला होने के कारण अधिक बारिश होने पर यहां पानी जमा हो जाता है। फिलहाल जलभराव की समस्या दूर करा दी गई है और सड़क पर आवागमन सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण की तैयारी
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि बजट की उपलब्धता के अनुसार सड़क के किनारे नाले का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या का स्थायी समाधान करने में मदद मिलेगी।




