सेवा संकल्प अभियान में 50 बच्चों को लैपटॉप, दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण
प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने लाभार्थियों को बांटी सहायता सामग्री, बेबी किट और टूल किट का भी हुआ वितरण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सेवा संकल्प 2026 अभियान के तहत रविवार को महराजगंज के नवीन मंडी परिसर में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को लैपटॉप, बेबी किट और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा पदाधिकारियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों सहित समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों से प्रेरणा लेकर सरकार आमजन के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
50 बच्चों को लैपटॉप, 15 को बेबी किट
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत 50 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। ये वे बच्चे हैं, जो वर्ष 2019 में माता-पिता की असामयिक मृत्यु के कारण प्रभावित हुए थे। लैपटॉप वितरण का उद्देश्य उनकी शिक्षा और डिजिटल अध्ययन को बढ़ावा देना है।
वहीं, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कन्या जन्म उत्सव के अवसर पर 15 लाभार्थियों को बेबी किट प्रदान की गईं। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से 14 लाभार्थियों को बैटरी चालित साइकिल और 20 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
टूल किट और स्वरोजगार के लिए सहायता
जिला उद्योग केंद्र की ओर से छह लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। इसके साथ ही उद्योग स्थापना के लिए ऋण स्वीकृति संबंधी सहायता भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सुगम आवागमन और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
इससे पूर्व पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, पीडी रामदरश चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी दिव्यांगजन अधिकारी अभय पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और योजनाओं के लाभार्थी मौजूद रहे।




