नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद महराजगंज प्रशासन अलर्ट, डीएम बोले- जिले में फिलहाल स्थिति सामान्य
वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और जल प्रवाह पर रखी जा रही नजर, राहत-बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में भूस्खलन के कारण नदी में बने प्राकृतिक अवरोध के अचानक टूटने से फ्लैश फ्लड की घटना सामने आई है। इससे नेपाल के निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने के मद्देनजर महराजगंज जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर जिले की स्थिति और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह घटना महराजगंज जनपद से लगभग 150 से 180 किलोमीटर उत्तर दिशा में नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इसका महराजगंज की सीमा में फिलहाल कोई विशेष प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है और जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है।
संबंधित विभागों को किया गया अलर्ट
डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और संबंधित जल प्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




