धैर्य, आत्मविश्वास और सही रणनीति से पाएं सफलता : एएसपी सिद्धार्थ

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के नेतृत्व में जनपद में संचालित युवा संवाद कार्यक्रम के तहत सोमवार को जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज महाराजगंज में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने युवाओं को सिविल सेवा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के गुर बताए।
महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एएसपी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को सफलता के लिए आवश्यक गुणों और तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए धैर्य, विश्वास और आत्मविश्वास के साथ निरंतर क्रियाशील रहना जरूरी है। तथ्यों की गहरी समझ और विषयों की प्रासंगिकता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को पढ़ने-लिखने की प्रभावी पद्धति, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और स्वयं के मूल्यांकन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करनी चाहिए। प्रतियोगिता के बढ़ते स्तर को देखते हुए विद्यार्थियों को अपनी तैयारी को लगातार बेहतर बनाना होगा।
एएसपी सिद्धार्थ ने युवाओं को सलाह दी कि किसी एक लक्ष्य पर पूरी गंभीरता से काम करने के साथ ही भविष्य के लिए वैकल्पिक योजना यानी प्लान-बी भी तैयार रखना चाहिए। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना सफलता की कुंजी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक करने और सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिवाकर सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र कुमार पाठक, डॉ. शांति शरण मिश्र, डॉ. पीयूष कुमार जायसवाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




