बकरीद पर्व को लेकर डीएम एसपी ने सुरक्षा तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण
बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर न करे नमाज अदा: एसपी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने थाना बृजमनगंज क्षेत्र के ग्राम सभा बदलवार में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों, नमाज स्थलों तथा सार्वजनिक क्षेत्रों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ एवं प्रभावी रहे। उन्होंने नमाज स्थलों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी फरेंदा को निर्देशित किया कि केवल पारंपरिक आयोजनों की ही अनुमति प्रदान की जाए तथा किसी भी नई परंपरा अथवा गतिविधि को कदापि स्वीकृति न दी जाए। उन्होंने बलि स्थलों पर स्वच्छता एवं पशु अपशिष्टों के नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट कहा कि खुले स्थानों पर किसी प्रकार की बलि न होने पाए।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर नमाज अदा न होने पाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने पर बल दिया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी फरेंदा, व थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




