एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत महिला महाविद्यालय में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के तहत शनिवार को रामरेखा राय गंगा राय महिला महाविद्यालय, राजीव नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की रानी लक्ष्मीबाई एवं रानी अहिल्याबाई इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों एवं महाविद्यालय परिवार ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर की गई। स्वयंसेविकाओं ने पौधरोपण के साथ यह संकल्प भी लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी, ताकि वे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि “एक वृक्ष सौ पुत्रों के समान होता है।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। वृक्ष न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे केवल महाविद्यालय परिसर तक ही सीमित न रहें, बल्कि अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने से अधिक महत्वपूर्ण उसकी नियमित देखभाल करना है, तभी वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य सफल होगा।
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. डी.एन. राय एवं प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में आलोक कुमार, संदीप कुमार, सूर्यनारायण, विकास पटेल, रनों अग्रहरी, जुगलावती, मनीषा लाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।




