‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान बना जनआंदोलन, महराजगंज में एक दिन में 32.38 लाख पौधों का रोपण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के तहत रविवार को महराजगंज जनपद में अभूतपूर्व वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूरे जिले में एक ही दिन में लगभग 32 लाख 38 हजार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस महाअभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित भविष्य का संकल्प लिया।
अभियान का मुख्य कार्यक्रम 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मिथिलेश तिवारी, उपाध्यक्ष, बिरजू महाराज कथक संस्थान, लखनऊ रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह तथा प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन्मदात्री माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का भावनात्मक अभियान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और मातृत्व दोनों का विशेष महत्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा।
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। ये शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में पर्यावरण के साथ-साथ आर्थिक और औषधीय दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।


मुख्य कार्यक्रम के अलावा जनपद के सभी विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और वन क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। ग्राम पंचायत दरहटा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, जनपद के नोडल अधिकारी अनुज कुमार झा तथा सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने हरिशंकरी परंपरा के अंतर्गत बरगद, पीपल और पाकड़ के पौधों का रोपण किया। इस कार्यक्रम में लगभग 350 लोगों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र ने बताया कि महाअभियान के दौरान पूरे जनपद में लगभग 32 लाख 38 हजार पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि लगाए गए सभी पौधों की जियो टैगिंग कराई जा रही है, जिससे उनकी नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता का सशक्त उदाहरण बन गया है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी निजी स्तर पर पौधे लगाकर अपनी भागीदारी निभाई।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में एसएसबी कमांडेंट सतीश सिंह ठाकुर, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे जनपद में वृक्षारोपण को लेकर उत्साह का वातावरण देखने को मिला और लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।




