आईटीआई में पंचम चरण प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 11 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
सत्र 2026-27 की रिक्त सीटों पर प्रवेश का मौका, सामान्य वर्ग के लिए ₹300 और एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए ₹250 शुल्क

महराजगंज।(न्यूज पैच)। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के पंचम चरण प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चतुर्थ चरण की चयन प्रक्रिया के बाद रिक्त रह गई सीटों के सापेक्ष विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्राचार्य आईटीआई महराजगंज ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि पंचम चरण में राजकीय आईटीआई के पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों को नए विकल्प पंजीकृत करने का अवसर दिया गया है। इसके अलावा नए अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। राजकीय एवं निजी आईटीआई में प्रवेश ले चुके ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने किसी कारणवश अपना नाम कटवा लिया है, उन्हें भी पंचम चरण में ऑनलाइन आवेदन का अवसर दिया गया है।
11 अक्टूबर की रात 12 बजे तक आवेदन
पंचम चरण की ऑनलाइन प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
चतुर्थ चरण की प्रवेश प्रक्रिया के बाद रिक्त सीटों की जानकारी जनपदवार, संस्थानवार, व्यवसायवार एवं पाठ्यक्रमवार परिषद की वेबसाइट अथवा संबंधित राजकीय/निजी आईटीआई के प्रधानाचार्य या कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
पुराने अभ्यर्थियों को विकल्प दोबारा पंजीकृत करने होंगे
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में पंजीकृत अभ्यर्थियों तथा इन चरणों में चयनित, लेकिन प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित लिंक के माध्यम से अपनी पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।
इसके बाद प्रवेश के लिए इच्छित संस्थान, रिक्त व्यवसाय, लिंग, उपवर्ग एवं शैक्षिक अर्हता सहित अन्य विकल्पों को पुनः पंजीकृत करना होगा।
यदि अभ्यर्थी संशोधित विकल्प पंजीकृत नहीं करता है तो उसके मूल आवेदन में पूर्व में दर्ज विकल्पों के आधार पर उसे पंचम चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जा सकता है।
नए अभ्यर्थियों के लिए भी आवेदन का मौका
नए अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध ‘पंचम चरण के लिए नवीन अभ्यर्थी द्वारा आवेदन’ लिंक के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र भरने के बाद Preview के माध्यम से दर्ज विवरणों की जांच कर Proceed For Payment विकल्प के जरिए ऑनलाइन शुल्क जमा किया जा सकेगा।
शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है।
निर्धारित आवेदन शुल्क
- सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्ग: ₹300
- अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति: ₹250
- सभी महिला अभ्यर्थी: ₹100
प्राचार्य ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन एवं विकल्प पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम राजकीय अथवा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं। सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई को अपने संस्थान में उपलब्ध रिक्त सीटों और व्यवसायवार स्थिति की जानकारी सार्वजनिक सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।




