महराजगंज में 10 अक्टूबर से शुरू होगा राशन वितरण, अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा 35 किलो अनाज
25 अक्टूबर तक चलेगा वितरण अभियान, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा

महराजगंज(न्यूज पैच)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जनपद के अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को अक्टूबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का वितरण 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने कार्डधारकों से निर्धारित अवधि में अपनी उचित दर की दुकान से खाद्यान्न प्राप्त करने की अपील की है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति राशन कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा।
वहीं, पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 1 किलोग्राम गेहूं और 4 किलोग्राम चावल, यानी कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा।
सुबह 8 से दोपहर 12 और 2 से शाम 6 बजे तक होगा वितरण
राशन का वितरण निर्धारित अवधि में उचित दर की दुकानों पर प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
खाद्यान्न का वितरण ई-पॉस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे 10 से 25 अक्टूबर के बीच अपनी उचित दर की दुकान पर पहुंचकर निर्धारित मात्रा में निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करें।




